बैकुंठपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की नगर इकाई बैकुंठपुर की सत्र 2026–27 की नई नगर कार्यकारिणी की घोषणा जिला संयोजक बलवीर पुषाम ने की। इस अवसर पर संगठन की आगामी कार्ययोजना, विद्यार्थी हित, सदस्यता विस्तार तथा संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। नई कार्यकारिणी में युवा नेतृत्व के साथ-साथ महिला कार्यकर्ताओं को भी महत्वपूर्ण दायित्व सौंपकर संगठन ने समावेशी नेतृत्व का संदेश दिया।
घोषित कार्यकारिणी में आयुषी साहू को नगर मंत्री नियुक्त किया गया। वहीं आकांक्षा सिंह, विजय राजवाड़े, सिद्धार्थ साहू एवं लोकनाथ सिंह को नगर सहमंत्री बनाया गया।
अन्य दायित्वों में आरती सिंह को नगर एसएफएस प्रमुख, पवन चक्रधारी को नगर एसएफडी प्रमुख, अर्चना विश्वकर्मा को नगर आरकेएम प्रमुख, सतेन्द्र सिंह को नगर एनएसएस प्रमुख, अनूप कुजूर को नगर सोशल मीडिया प्रमुख, तामेश्वर को नगर महाविद्यालय प्रमुख, अमृता सिंह को नगर विद्यालय प्रमुख, सुशील गुप्ता को नगर कार्यालय मंत्री तथा ग्रेसी सिंह को नगर तकनीकी शिक्षक प्रमुख का दायित्व सौंपा गया। नगर कार्यकारिणी सदस्य के रूप में रवि कुमार, काजल एवं अंजलि को जिम्मेदारी दी गई।
जिला संयोजक बलवीर पुषाम ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो छात्रहित, समाजहित एवं राष्ट्रहित में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने, विद्यालय एवं महाविद्यालय परिसरों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विभाग संयोजक प्रदीप यादव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विशाल यादव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संगीता सिंह, जिला विद्यार्थी विस्तारक अशोक यादव सहित नगर एवं जिला इकाई के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, विद्यार्थी हितों की रक्षा तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। इसके पश्चात वंदे मातरम् एवं भारत माता की जय के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।