पंडवानी को विश्व पटल पर पहचान दिलाने वाली तीजन बाई को मोक्ष कुमार प्रधान ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

SARJU PRASAD SAHU

July 5, 2026

महासमुंद/बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने लोककला की महान साधिका, पंडवानी गायन की विश्वविख्यात कलाकार और पद्मश्री सम्मान से सम्मानित तीजन बाई के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की लोक-सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
मोक्ष कुमार प्रधान ने अपने शोक संदेश में कहा कि तीजन बाई ने अपने अद्वितीय गायन, प्रभावशाली प्रस्तुति और वर्षों की कठोर साधना के बल पर छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककला पंडवानी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। उन्होंने अपने संघर्ष और प्रतिभा से यह साबित किया कि समर्पण, मेहनत और कला के प्रति निष्ठा के दम पर विश्व मंच पर भी अपनी अलग पहचान बनाई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि तीजन बाई का संपूर्ण जीवन लोकसंस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के लिए समर्पित रहा। उनका योगदान सदैव कलाकारों और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि तीजन बाई के निधन से कला, साहित्य और संस्कृति जगत ने एक ऐसी अमूल्य धरोहर खो दी है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। छत्तीसगढ़ की लोकपरंपरा और सांस्कृतिक इतिहास में उनका नाम सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा की आत्मा की शांति एवं उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों, शुभचिंतकों और असंख्य प्रशंसकों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment