बिलाईगढ़, 3 जुलाई 2026। जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकासखंड शिक्षा अधिकारी सत्यनारायण साहू ने सेजेस बिलाईगढ़ में संकुल प्राचार्यों, संकुल समन्वयकों एवं प्रधान पाठकों की बैठक ली। बैठक में स्कूलों के शैक्षणिक स्तर, विद्यार्थियों की मूलभूत शिक्षा तथा विभिन्न प्रशासनिक विषयों पर विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि जिला कलेक्टर श्रीमती श्रीमती पद्मिनी भोई साहू (आई.ए.एस.) के निर्देशानुसार जिले में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत विकासखंड स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित कर सभी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों के प्रत्येक छात्र को 20 तक तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को कम से कम 25 तक का पहाड़ा याद कराया जाए, जिससे गणितीय दक्षता में सुधार हो सके।
बैठक में सभी पात्र विद्यार्थियों को समय पर गणवेश वितरण, प्राप्त पाठ्यपुस्तकों की स्कैनिंग के बाद तत्काल वितरण, तथा मध्याह्न भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार तैयार करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक विद्यालय में मध्याह्न भोजन का चार्ट चस्पा करने तथा बच्चों को मौसमी सब्जियां, अचार एवं पापड़ उपलब्ध कराने का भी प्रयास करने को कहा गया।
बीईओ ने विद्यार्थियों के आधार कार्ड, अपार आईडी एवं जाति प्रमाण पत्र शीघ्र पूर्ण कराने, विद्यालय में दर्ज प्रत्येक बच्चे की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा स्कूल से बाहर बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने शिक्षकों को वीएसके (VSK) प्रणाली के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करने, अन्यत्र व्यवस्था में कार्यरत शिक्षकों को उनके मूल विद्यालयों में वापस भेजने तथा जर्जर भवनों में बच्चों को नहीं बैठाने के निर्देश भी दिए। जर्जर विद्यालय भवनों की तत्काल जानकारी उच्च कार्यालय को भेजने के लिए कहा गया।
बैठक में सभी विद्यालयों में वृक्षारोपण अभियान चलाकर इसकी जानकारी उपलब्ध कराने तथा विद्यालय पुस्तकालय का अधिकतम उपयोग विद्यार्थियों द्वारा सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में संकुल प्राचार्य, संकुल समन्वयक, प्रधान पाठक एवं शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।