अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 12 जुलाई तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों को मिलेगी कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क आवासीय शिक्षा

TEJASWI NATH SONI

July 3, 2026

बलौदाबाजार, 3 जुलाई 2026। श्रम विभाग अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब पात्र विद्यार्थी 12 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। यह निर्णय पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

पूर्व में योजना के लिए 22 जून से 3 जुलाई 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे। अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिल सके, इसके लिए आवेदन की अवधि बढ़ाकर 12 जुलाई 2026 कर दी गई है।

योजना के अंतर्गत मंडल में कम से कम एक वर्ष पूर्व से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के प्रथम दो बच्चों, जो कक्षा 6वीं में प्रवेश ले रहे हैं, को लाभ दिया जाएगा। पात्र विद्यार्थियों का चयन मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को प्रदेश के चयनित उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा, आवास एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इच्छुक अभिभावक Shramev Jayate पोर्टल एवं मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा निकटतम श्रम संसाधन केंद्र, चॉइस सेंटर अथवा जिला श्रम कार्यालय, कक्ष क्रमांक 117, बलौदाबाजार में जाकर भी आवेदन जमा किए जा सकते हैं।

श्रम विभाग ने पात्र निर्माण श्रमिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ अवश्य उठाएं।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment