
पलारी। विश्व चिकित्सक दिवस के अवसर पर सिद्धेश्वर रक्तदान समिति, पलारी द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 27 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिनमें दो मातृशक्तियों ने भी रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ डॉ. एफ.आर. निराला ने कहा कि चिकित्सक केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का दायित्व भी निभाते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज वर्मा ने कहा कि सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता ही चिकित्सा पेशे की पहचान है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. बी.एस. ध्रुव, डॉ. रामकुमार साहू, डॉ. जे.पी. शर्मा (प्रदेश प्रभारी, चिकित्सा प्रकोष्ठ, भाजपा), डॉ. रामेश्वर ठाकुर (अध्यक्ष, सर्वविधा चिकित्सा सहायक संघ), डॉ. मनोज ठाकुर (महासचिव, सर्वविधा चिकित्सा सहायक संघ) तथा डॉ. यू.एस. कन्नौजे (प्रदेश प्रतिनिधि) उपस्थित रहे।
इस अवसर पर योग प्रशिक्षिका मीना देवी ने नियमित योग के लाभ बताते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन सिद्धेश्वर रक्तदान समिति के संयोजक जितेन्द्र साहू ने किया तथा अंत में डॉ. कृपाराम साहू ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।विश्व चिकित्सक दिवस पर आयोजित इस रक्तदान शिविर ने मानव सेवा, रक्तदान के महत्व और स्वास्थ्य जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया।