फिंगेश्वर ब्लॉक के सैकड़ों ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय का किया घेराव, आवास 2.0 पात्रता सूची में नाम जोड़ने की उठाई मांग,

BHUPENDRA SINHA

June 30, 2026

गरियाबंद :- जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के बैनर तले मंगलवार को फिंगेश्वर विकासखंड के सैकड़ों ग्रामीणों ने गरियाबंद कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास 2.0 योजना की पात्रता सूची में छूटे हुए हितग्राहियों के नाम शामिल करने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि फिंगेश्वर विकासखंड के 10 से 15 गांवों के अनेक गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों ने शासन द्वारा निर्धारित सभी आवश्यक दस्तावेज और औपचारिकताएं पूरी कर दी थीं। इसके बावजूद उनका नाम आवास 2.0 की पात्रता सूची में शामिल नहीं किया गया, जिससे वे योजना के लाभ से वंचित हो रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि पात्र होने के बावजूद उनका नाम सूची में नहीं जोड़ा जाना गंभीर लापरवाही है।

उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर पात्र हितग्राहियों के नाम तत्काल सूची में शामिल करने और उन्हें आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की।

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में प्रशासन से आग्रह किया गया है कि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई कर गरीब परिवारों को राहत प्रदान की जाए। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखने को मजबूर होंगे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment