सर्व आदिवासी समाज सिमगा ने श्रद्धा एवं गौरव के साथ मनाया वीरांगना रानी दुर्गावती का बलिदान दिवस

BIRENDRA KUMAR SEN

June 29, 2026

सर्व आदिवासी समाज सिमगा ने श्रद्धा एवं गौरव के साथ मनाया वीरांगना रानी दुर्गावती का बलिदान दिवस

  • पारंपरिक सुवा और कर्मा नृत्य की प्रस्तुतियों से जीवंत हुई आदिवासी संस्कृति
  • समाज के वरिष्ठों, शिक्षकों और किसानों का किया गया भव्य सम्मान
  • मुख्य अतिथि के प्रतिनिधि करन भाटिया ने सामाजिक मांगों को पूरा करने का दिया आश्वासन

सिमगा (बलौदाबाजार/भाटापारा विधानसभा)।

नगर के सर्व आदिवासी समाज द्वारा महान वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस के अवसर पर एक भव्य श्रद्धांजलि एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रानी दुर्गावती के तैलचित्र पर पारंपरिक पूजा-अर्चना एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित समाजजनों ने वीरांगना के अदम्य साहस, त्याग, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरा कार्यक्रम स्थल आदिवासी समुदाय के आराध्य देव ‘जय बुढ़ा देव’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।

​इस गौरवशाली अवसर पर आदिवासी समाज के कलाकारों द्वारा पारंपरिक सुवा नृत्य एवं कर्मा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। पारंपरिक वेशभूषा में सजे समाज के सदस्यों ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का सुंदर प्रदर्शन किया, जिसने उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया।

​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, आत्मसम्मान की रक्षा और मातृभूमि के प्रति समर्पण का एक अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्श आज भी पूरे समाज और राष्ट्र को सही दिशा दिखाते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा समाज व राष्ट्र सेवा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।

​कार्यक्रम के दौरान समाज के विकास में योगदान देने वाले किसानों, शिक्षकों, पदाधिकारियों और हॉस्टल वार्डन को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सभी को तिलक लगाकर, गमछा भेंट कर और सामाजिक प्रमाण पत्र सौंपकर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

​इस गरिमामय आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिका अध्यक्ष को आमंत्रित किया गया था। उनके प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे उनके सुपुत्र करन भाटिया ने समाज की विभिन्न मांगों को सुना और आश्वस्त करते हुए कहा कि, “समाज की जो भी मांगें हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।” कार्यक्रम में पार्षद प्रियंका अनूप तिवारी और शंकर लाल मराई भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

​कार्यक्रम को सफल बनाने में सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष मनीराम धुव्र, उपाध्यक्ष केशोराम धुव्र, प्रदेश सह सचिव कृष्णा कुंजाम, सचिव खेमराज सोरी, कोषाध्यक्ष पवन कुमार धुव्र, महामंत्री विषम्भर धुव्र, दीवान छेदूराम छैदया, रामकुमार धुव्र, परस धुव्र, डोमार धुव्र, युवराज धुव्र सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, युवा और मातृशक्ति उपस्थित रहे।

​कार्यक्रम का समापन वीरांगना रानी दुर्गावती के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक एकता, संस्कृति व परंपराओं के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लेकर किया गया।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment