सांसद रूपकुमारी चौधरी ने किया पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, हर बच्चे तक पहुंचेगी ‘दो बूंद जिंदगी की’

SARJU PRASAD SAHU

June 28, 2026

बसना | 28 जून 2026 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रविवार को बसना क्षेत्र में पल्स पोलियो महाभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का शुभारंभ क्षेत्रीय सांसद रूपकुमारी चौधरी ने बच्चों को अपने हाथों से पोलियो की दवा पिलाकर किया। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि “दो बूंद जिंदगी की” हर बच्चे तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि पोलियो जैसी बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना है। उन्होंने कहा कि 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को बिना किसी चूक के पोलियो की दवा अवश्य पिलाई जाए, ताकि भविष्य में उन्हें शारीरिक विकलांगता जैसी गंभीर समस्याओं का सामना न करना पड़े। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने आसपास के प्रत्येक बच्चे तक इस अभियान का लाभ पहुंचाने में सहयोग करें।

अभियान के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष (बसना) नरेंद्र यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं बसना के खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. नारायण साहू ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गई तैयारियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिनें, भाजपा पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने मिलकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का संकल्प लिया और लोगों को अपने बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाने के लिए जागरूक किया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत क्षेत्र के सभी निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जा रही है। साथ ही छूटे हुए बच्चों तक पहुंचने के लिए घर-घर जाकर भी पोलियो की खुराक पिलाने की व्यवस्था की गई है, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवन रक्षक अभियान से वंचित न रहे।

पल्स पोलियो महाभियान के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग और जनप्रतिनिधियों ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि “हर बच्चे को दो बूंद जिंदगी की” केवल एक नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ, सुरक्षित और पोलियो मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment