साइबर बाल रक्षक अभियान: पोस्टर और वीडियो के माध्यम से बच्चों को किया जा रहा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक,

BHUPENDRA SINHA

June 28, 2026

गरियाबंद :- डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से बच्चों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिला पुलिस गरियाबंद द्वारा “साइबर बाल रक्षक” जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पोस्टर, जागरूकता वीडियो एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

अभियान का मुख्य संदेश है—”सचेत बच्चा, सुरक्षित भविष्य – ऑनलाइन जगत में सुरक्षा है जरूरी।” इसके माध्यम से बच्चों को इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने, सोशल मीडिया पर अजनबियों से दूरी बनाए रखने, अपनी निजी जानकारी साझा न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने तथा किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या साइबर अपराध की जानकारी तुरंत अपने अभिभावकों एवं पुलिस को देने की सलाह दी जा रही है।

पोस्टर में साइबर अपराध की शिकायत के लिए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 का भी उल्लेख किया गया है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन पर संपर्क करें या निकटतम पुलिस थाना अथवा साइबर सेल को सूचना दें।

जिला पुलिस का कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। पुलिस द्वारा स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस अभियान के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

जिला पुलिस की अपील:-

“मिलकर बनाएं सुरक्षित डिजिटल समाज। बच्चों को साइबर सुरक्षा के नियम सिखाएं और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तुरंत सूचना दें।”

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment