नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर किया स्वागत,
छुरा/ गरियाबंद :- शासकीय प्राथमिक शाला सरकड़ा (पांडुका) में शनिवार, 27 जून 2026 को नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करना तथा समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। यह आयोजन राज्य सरकार द्वारा संचालित शाला प्रवेश उत्सव अभियान के तहत किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरकड़ा के उपसरपंच महेश्वर लाल साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में माधवराव निषाद, केशव राम यादव एवं गजेंद्र साहू ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, इसके बाद पहली बार स्कूल पहुंचे नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। साथ ही शासन की योजना के तहत विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं अभ्यास पुस्तिकाएं वितरित की गईं, ताकि वे पहले दिन से ही पढ़ाई शुरू कर सकें।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि महेश्वर लाल साहू ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और शाला प्रवेश उत्सव केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ने का संकल्प है। उन्होंने शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
विद्यालय के प्रधान पाठक भुवनेश्वर यादव ने पालकों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, पालक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में बच्चों को मिड-डे मील के साथ विशेष रूप से खीर, पूड़ी और जलेबी परोसकर कार्यक्रम का समापन किया गया।