महासमुंद के सपना बार में जातिसूचक गाली-गलौज और मारपीट का आरोप, SC-ST एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज।

MOTI LAL

June 22, 2026

महासमुंद, 22 जून 2026। शहर से सटे खैरा क्षेत्र स्थित सपना बार में देर रात कथित रूप से जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भलेसर निवासी विवेक कुमार कुर्रे (21 वर्ष) सपना बार में वेटर के रूप में कार्यरत है। शिकायत में बताया गया है कि 20 जून की रात लगभग 11:30 बजे हर्ष चंद्राकर अपने एक साथी के साथ बार में शराब पीने पहुंचा था। बार बंद होने का समय होने पर कर्मचारियों द्वारा बाहर जाने का अनुरोध किए जाने पर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।

पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने पहले जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानजनक टिप्पणियां कीं और बाद में उसके साथ मारपीट की। शिकायत में गला दबाने, हाथ-मुक्कों से हमला करने तथा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। इसके अतिरिक्त सतनामी समाज के आराध्य गुरु घासीदास बाबा के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का आरोप भी लगाया गया है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात कही गई है।

घटना के दौरान बार का प्रबंधन और अन्य कर्मचारी मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। शिकायतकर्ता का कहना है कि पूरी घटना बार में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, जिसे पुलिस जांच के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(र), 3(1)(स) एवं 3(1)(व्ही) के तहत मामला दर्ज किया है।

सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज की जांच, प्रत्यक्षदर्शियों और बार कर्मचारियों के बयान दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रधान संपादक

Share this content:

Leave a Comment