ग्राम पंचायत बरतुंगा में महिलाओं के लिए निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ

TEKRAM KOSLE

June 20, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

डभरा, 20 जून 2026। द लेप्रोसी मिशन ट्रस्ट इंडिया के बीआरसी प्रोजेक्ट एवं वीटीसी चांपा के संयुक्त तत्वावधान में कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत बरतुंगा में स्व-सहायता समूह की महिलाओं के लिए निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत बरतुंगा की सरपंच श्रीमती खगेश्वरी चन्द्रा एवं श्री चिंतामणी घृतलहरे, प्राचार्य शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल चुरतेली द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने में सिलाई प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में द लेप्रोसी मिशन ट्रस्ट इंडिया के बीआरसी प्रोजेक्ट से पीआईएफ श्याम चन्द्रा एवं कार्यकर्ता अमिलाल घृतलहरे विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा और इसके उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल ग्रामीण महिलाओं को कौशल विकास से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सिलाई केंद्र के उद्घाटन समारोह में जेंडर बीआरपी अनिता घृतलहरे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राधिका साहू, पूजा खुंटे सहित बड़ी संख्या में गांव की महिलाएं उपस्थित रहीं। महिलाओं ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए इसे उनके रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में उपयोगी पहल बताया।
प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से स्व-सहायता समूह की महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे भविष्य में स्वरोजगार स्थापित कर अपनी आय में वृद्धि कर सकेंगी। ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं के कौशल विकास और सशक्तिकरण की दिशा में यह कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
कीवर्ड्स: डभरा समाचार, बरतुंगा सिलाई प्रशिक्षण केंद्र, महिला कौशल विकास, लेप्रोसी मिशन ट्रस्ट इंडिया, स्व सहायता समूह, निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण, महिला सशक्तिकरण, चांपा वीटीसी, ग्रामीण रोजगार।

संपादक { समाचार }

Share this content:

Leave a Comment