24 घंटे में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी का खुलासा, गांव का युवक निकला आरोपी

SARJU PRASAD SAHU

June 19, 2026

महासमुंद। महासमुंद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई संपत्ति बरामद कर ली है। पुलिस की सतर्कता और प्रभावी जांच के चलते मामले का जल्द खुलासा हो सका।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भलेसर निवासी उमेश सिन्हा (39 वर्ष) ने थाना महासमुंद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पिता तुकाराम सिन्हा का आईचर ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 06 जीएम 0256 तथा नीले रंग की दो पहिया ट्रैक्टर-ट्रॉली 13 जून 2026 की रात गांव स्थित ब्यारा में खड़ी थी। 14 जून की सुबह करीब 4 बजे जब परिवार के सदस्य वहां पहुंचे तो ट्रैक्टर और ट्रॉली गायब मिले।

काफी खोजबीन के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं मिलने पर मामले की शिकायत थाना महासमुंद में दर्ज कराई गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 359/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान गांव के ही राहुल देव कुर्रे (25 वर्ष), निवासी सतनामी पारा, ग्राम भलेसर, पर संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान वह शुरू में पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा, लेकिन सघन और मनोवैज्ञानिक तरीके से की गई पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

आरोपी ने बताया कि उसने ट्रैक्टर और ट्रॉली को चोरी कर ग्राम बासिन में छिपाकर रखा था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चोरी गया ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर लिया।

पुलिस ने आरोपी राहुल देव कुर्रे को 17 जून 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस कार्रवाई से पुलिस ने एक बार फिर साबित किया है कि गंभीर अपराधों के मामलों में त्वरित जांच और प्रभावी रणनीति से अपराधियों तक जल्द पहुंचा जा सकता है। क्षेत्र के लोगों ने भी पुलिस की इस सफलता की सराहना की है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment