किराना दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने वाला शातिर आरोपी 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार, दूसरा फरार

BIRENDRA KUMAR SEN

June 17, 2026

किराना दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने वाला शातिर आरोपी 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार, दूसरा फरार

बलौदाबाजार। पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल बलौदाबाजार और पुलिस चौकी गिरौदपुरी की संयुक्त टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए ग्राम मड़वा में हुई एक किराना दुकान में चोरी की वारदात का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मड़वा निवासी प्रार्थी मोहर साय भारद्वाज की किराना दुकान में 13 जून 2026 की दरमियानी रात करीब 12:40 बजे दो अज्ञात चोरों ने धावा बोला था। चोरों ने दुकान का शटर और काउंटर का दराज तोड़कर उसमें रखे ₹80,000 नगद पार कर दिए थे। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस चौकी गिरौदपुरी में अपराध क्रमांक 120/2026, धारा 331(2), 305(क) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ओ.पी. शर्मा के निर्देश पर साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की एक संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने दुकान और आस-पास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय ग्रामीणों व टुंडरा के नागरिकों को फुटेज दिखाए जाने पर, हुलिये के आधार पर एक संदेही की पहचान अनिल भारती (निवासी टुंडरा) के रूप में हुई।

​पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नगर टुंडरा में दबिश देकर संदेही अनिल भारती को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की इस वारदात को अंजाम देना कुबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ₹1,880 नगद और घटना में इस्तेमाल की गई मोटर साइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर CG-10-EP-2701) जप्त कर ली है।

​गिरफ्तार आरोपी अनिल भारती (पिता अगर दास, उम्र 25 वर्ष, निवासी नगर टुंडरा) को 15 जून 2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे 27 जून 2026 तक के लिए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment