गरियाबंद :- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गरियाबंद आगमन के दौरान किसानों एवं आम नागरिकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गरियाबंद ने अध्यक्ष अमित मिरी के नेतृत्व में सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम प्रशासन को सौंपा। मुख्यमंत्री से मिलने के लिए जा रहे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल से प्रशासन की ओर से तहसील स्तर पर ज्ञापन प्राप्त किया गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश के किसान पिछले दो वर्षों से कृषि संबंधी अनेक समस्याओं का सामना कर रहे हैं। तकनीकी दिक्कतों, सहकारी संस्थाओं से जुड़ी परेशानियों तथा संसाधनों की कमी के कारण खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। कृषि प्रधान जिला गरियाबंद में अधिकांश लोगों की आजीविका खेती पर निर्भर होने से इन समस्याओं का व्यापक असर पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध कराने, लंबित सीमांकन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों में राहत देने की मांग की। इसके साथ ही कृषि कार्यों के लिए डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।
ज्ञापन में वर्षों से लंबित पैरी-घुम्मर नहर परियोजना को शीघ्र पूर्ण करने की मांग की गई। वहीं सुशासन तिहार के दौरान ग्राम खरहरी में हुए हादसे के घायलों को बेहतर उपचार और आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग भी रखी गई।
कांग्रेस ने गरियाबंद-छुरा मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि सड़क संकरी होने के कारण इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके अलावा जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की मांग करते हुए कहा गया कि अस्पताल केवल रेफर सेंटर बनकर रह गया है, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार के लिए अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमित मिरी ने मुख्यमंत्री से किसानों एवं आम नागरिकों से जुड़े इन मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर राहत प्रदान करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर जिला महासचिव डिलेश्वर देवांगन, महेंद्र सिंह राजपूत, ब्लॉक उपाध्यक्ष रमेश मेश्राम, मनीष ध्रुव, पार्षद संदीप सरकार, विधानसभा अध्यक्ष अमृत पटेल, मंडल अध्यक्ष भानु सिन्हा, कोषाध्यक्ष नंदू गोस्वामी, पूर्व पार्षद प्रतिभा पटेल, गुरनूर कौर, ऐश्वर्य यदु, अक्तूराम यादव, लीचु देवांगन, आत्माराम, राजकुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।