आंखों में मिर्च झोंकी, फिर पत्थर से सिर कुचलकर उतारा मौत के घाट
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में पत्नी से कथित प्रेम संबंध के शक में एक 27 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले युवक की आंखों में मिर्च पाउडर झोंका और फिर पत्थर से उसका सिर कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान पथर्रा गांव निवासी निखिल गोस्वामी (27) के रूप में हुई है। निखिल बिलासपुर शहर के एक बार में बाउंसर के तौर पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि घटना की रात वह अपने दो साथियों के साथ अमने मोड़ के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर तीन से चार युवक वहां पहुंचे और निखिल से विवाद करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के दौरान मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी और उसके साथियों ने अचानक निखिल की आंखों और चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंक दिया। हमले से निखिल घबरा गया और खुद को संभाल नहीं पाया। इसी बीच उसके साथ मौजूद दोनों साथी जान बचाकर मौके से भाग निकले।
पत्थर से किया ताबड़तोड़ हमला
मिर्च पाउडर डालने के बाद आरोपियों ने निखिल पर हमला बोल दिया। आरोप है कि भोला मानिकपुरी ने पास में पड़े भारी पत्थर से उसके सिर और शरीर पर कई बार वार किए। हमले में निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
प्रेम संबंध के शक में रची गई साजिश
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और कोटा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू की।
प्रारंभिक पूछताछ में मृतक के परिजनों ने बताया कि आरोपी भोला मानिकपुरी को अपनी पत्नी और निखिल गोस्वामी के बीच कथित प्रेम संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
आरोपी फरार, तलाश जारी
कोटा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रेम प्रसंग, चरित्र शंका और पुरानी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।