विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण एवं वृक्षों की सालगिरह मनाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश,

BHUPENDRA SINHA

June 5, 2026

छुरा / गरियाबंद – विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मिनी स्टेडियम के समीप स्थित व्यायामशाला परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण प्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, योग साधकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न प्रजातियों के फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया।

इस अवसर पर पूर्व वर्षों में लगाए गए वृक्षों की विशेष रूप से पूजा-अर्चना कर उन्हें रक्षा सूत्र बांधा गया तथा उनकी प्रतीकात्मक सालगिरह मनाई गई। वृक्षों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया और यह संदेश दिया गया कि जिस प्रकार परिवार के सदस्यों की देखभाल की जाती है, उसी प्रकार वृक्षों की सुरक्षा एवं संवर्धन भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी शीतल ध्रुव ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन एवं प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पर्यावरण असंतुलन की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ऐसे समय में प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करनी चाहिए। इस अवसर पर योगाचार्य मिथलेश सिन्हा ने कहा कि वृक्ष हमें प्राणवायु, शुद्ध वातावरण, छाया, फल, औषधि एवं वर्षा के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करते हैं, इसलिए वृक्षों का संरक्षण मानव जीवन की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखने, समय-समय पर सिंचाई करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। बच्चों एवं युवाओं को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।

अंत में सभी उपस्थित जनों ने “एक पेड़ माँ के नाम” तथा “हरित पर्यावरण, सुरक्षित भविष्य” का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। कार्यक्रम का समापन वृक्षों के संरक्षण एवं स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ भारत के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में शिक्षक चंद्रभूषण निषाद, विमल पुरोहित,सौरभ शारडा, शिक्षिका राजेश्वरी ठाकुर,फिजियो थेरेपिस्ट देवश्री ध्रुव,जिज्ञासा निर्मलकर, यशिका ध्रुव,सुजाता,प्रकाश निर्मलकर, डॉ तेजस्वी सागर, देवकुमार निषाद,धनंजय ठाकुर,देवेंद्र ठाकुर,एवं युवा खिलाड़ी गण उपस्थित थे

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment