त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 सरपंच एवं पंच के 30 पदों पर उपचुनाव हेतु मतदान आज सरपंच पद हेतु 11 एवं पंच पद के लिए 62 उम्मीदवार मैदान में

TEJASWI NATH SONI

June 1, 2026

त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 अंतर्गत जिले में सरपंच एवं पंच के कुल 30 पदों पर उपचुनाव हेतु मतदान सोमवार, 1 जून 2026 को कराया जाएगा। इनमें 3 पद सरपंच एवं 27 पद पंच के शामिल हैं। सरपंच पद के लिए 11 तथा पंच पदों के लिए 62 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में मतदान की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

रविवार को विकासखंड मुख्यालयों में मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। इसके पश्चात मतदान कर्मी आवश्यक सामग्री लेकर अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। निर्वाचन के लिए जिले में कुल 14 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से प्रातः 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संपन्न होगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी निशा नेताम मड़ावी से प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखंड बलौदाबाजार अंतर्गत ग्राम पंचायत कुकुरदी में सरपंच पद हेतु 5 तथा पंच के 9 पदों के लिए 18 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। ग्राम पंचायत कोलिहा में पंच के एक पद के लिए 4 उम्मीदवार हैं।

विकासखंड भाटापारा के ग्राम पंचायत देवरी में पंच के एक पद हेतु 4 तथा ग्राम पंचायत मल्दी में पंच के एक पद हेतु 2 उम्मीदवार मैदान में हैं। विकासखंड पलारी के ग्राम पंचायत दतान (ख) में पंच पद के लिए 2 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं।

विकासखंड सिमगा के ग्राम पंचायत दावनबोड़ में सरपंच पद हेतु 3 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि ग्राम पंचायत जरौद एवं कोलिहा में पंच के एक-एक पद पर 2-2 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं।

विकासखंड कसडोल अंतर्गत ग्राम पंचायत कोट (क) में सरपंच पद हेतु 4 तथा पंच के 10 पदों के लिए 23 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं ग्राम पंचायत मडकड़ा में पंच के 2 पदों के लिए 4 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 1 जून को मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित मतदान केंद्रों पर ही मतगणना की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर 2 जून 2026 को प्रातः 9 बजे से विकासखंड मुख्यालयों में मतगणना कराई जाएगी।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment