कलेक्टर ने टीएल बैठक में सुशासन तिहार एवं फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
बिलासपुर। 26 मई 2026 खरीफ सीजन की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने उर्वरक वितरण की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि हर शाम 6 बजे खाद-बीज की मांग और आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में कलेक्टर ने सुशासन तिहार सहित शासन की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अगले 15 दिनों तक चलेगा जल संरक्षण अभियान
बैठक में जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने कहा कि जो भी व्यक्ति या संस्था भूजल का उपयोग कर रही है, उसकी जिम्मेदारी जल को पुनः जमीन में पहुंचाने की भी है। उन्होंने इंजेक्शन तकनीक को भूजल रिचार्ज के लिए प्रभावी बताते हुए उद्योगों और ठेकेदारों से रिचार्ज नलकूप खुदवाने में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए अगले 15 दिनों तक विशेष जल संरक्षण अभियान चलाया जाए। अभियान में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित कर जल संरक्षण के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
सुशासन तिहार में योजनाओं की संतृप्ति पर जोर
कलेक्टर ने सुशासन तिहार के तहत विभिन्न योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिविरों में स्वामित्व योजना के लगभग साढ़े चार हजार पट्टों के वितरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही एग्रीस्टैक पोर्टल में शेष करीब तीन हजार किसानों का पंजीयन शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
शहरी क्षेत्रों में पट्टा वितरण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर भी उन्होंने गंभीरता दिखाई और प्राचार्यों के साथ संबंधित विषय शिक्षकों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
पीएम सूर्यघर योजना के लिए बनेगी वार्डवार कार्ययोजना
बैठक में पीएम सूर्यघर योजना के बढ़े हुए लक्ष्य की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को वार्डवार कार्ययोजना तैयार कर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पीएम पोर्टल, सीएम जनदर्शन, मुख्यमंत्री घोषणाओं, विभिन्न आयोगों से प्राप्त पत्रों तथा कलेक्टर टीएल और जनदर्शन से जुड़े लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए गए।