कोरबा। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण इलाकों में बढ़ते जल संकट को देखते हुए पाली विकासखंड की ग्राम पंचायत उतरदा में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने का अभियान लगातार जारी है। सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मीन सुंदर सिंह मरावी की पहल पर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में खराब पड़े बोर और नलों की मरम्मत कराई जा रही है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल रही है।
गांव में जहां-जहां पेयजल संबंधी समस्या सामने आ रही है, वहां तत्काल सुधार कार्य शुरू कराया जा रहा है। बंद पड़े बोर को दोबारा चालू कराया जा रहा है, वहीं खराब नलों की मरम्मत कर उन्हें सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में किसी भी घर में पानी की कमी न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
ग्रामीणों ने पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर किए जा रहे मरम्मत कार्यों से लोगों को काफी सुविधा मिल रही है। पहले जहां पानी की समस्या से लोगों को परेशान होना पड़ रहा था, वहीं अब सुधार कार्यों के बाद स्थिति बेहतर हुई है।
लक्ष्मीन सुंदर सिंह मरावी लगातार गांव में सक्रिय रहकर पेयजल व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उनका कहना है कि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना पंचायत की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान हीरालाल पंच, शम्भू जगत पंच, प्रेम सिंह वरकड़े पंच, जानसिंह वरकड़े, भुनेश्वर यादव, विशाम यादव एवं गंगाराम यादव सहित अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे।