जनजातीय गरिमा उत्सव कलेक्टर लंगेह पहुंचे गांव, ट्रांजेक्ट वॉक कर जानी जमीनी हकीकत

SARJU PRASAD SAHU

May 21, 2026

महासमुंद। 21 मई 2026 जनजातीय समुदायों के सर्वांगीण विकास और उनकी मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के उद्देश्य से जिले में आयोजित जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने विकासखंड बागबाहरा के ग्राम जोरातराई और रैताल में ट्रांजेक्ट वॉक कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने गांव की गलियों, बस्तियों और सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण कर जनजातीय परिवारों की समस्याओं और जरूरतों को करीब से समझा।

कलेक्टर ने ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और लोगों से उनकी आवश्यकताओं एवं विकास संबंधी अपेक्षाओं पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि गांवों की वास्तविक जरूरतों को समझकर ही प्रभावी और स्थायी विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से ट्रांजेक्ट वॉक के माध्यम से पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से प्राप्त सुझावों और स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर शीघ्र ही समग्र कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जा सके। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए।

चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल संकट, सड़क सुधार, रोजगार के अवसर, शासकीय योजनाओं का लाभ और अन्य स्थानीय मुद्दों को खुलकर रखा। कलेक्टर ने कई समस्याओं के समाधान के लिए ग्रामीणों से भी सुझाव लिए और सहभागिता आधारित विकास पर जोर दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, जनपद पंचायत सीईओ मंडावी, सहायक आयुक्त शिल्पा साय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि जनजातीय गरिमा उत्सव अंतर्गत जनसुनवाई कार्यक्रम जिले के जनजातीय ग्रामों में 21 मई से 25 मई 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान और विकास संबंधी आवश्यकताओं का संकलन किया जाएगा।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment