सरायपाली। सिंघोड़ा सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत सिंघोड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक वोक्सवैगन कार से करीब सवा नौ करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। इस मामले में तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है।
यह कार्रवाई दिनांक 17 मई, 2026 को एनएच-353 स्थित रेहटीखोल नाका पर वाहन चेकिंग के दौरान की गई। पुलिस उड़ीसा की ओर से आ रहे वाहनों की जांच कर रही थी, तभी गुजरात नंबर (GJ 03 NP 4230) की एक वोक्सवैगन वरटस कार आई। कार को रोककर उसमें सवार तीन लोगों से पूछताछ की गई।
तीनों ने अपनी पहचान जयेश अकबरी (32 वर्ष, निवासी राजकोट), सुनीत कारेना (22 वर्ष, निवासी राजकोट) और रूशी अग्रावत (26 वर्ष, निवासी राजकोट) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट पर विशेष रूप से बनाए गए चेंबर में दो पीटठू (पेटी) बैग मिले। बैग के अंदर छह प्लास्टिक बॉक्स में विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण रखे थे।
तौल के बाद सोने के आभूषणों का कुल वजन 7512.488 ग्राम आंका गया, जिसकी अनुमानित कीमत 9 करोड़ 17 लाख 84 हज़ार 220 रुपये है। पुलिस ने आभूषणों के साथ-साथ अवैध परिवहन में प्रयुक्त वोक्सवैगन कार (कीमत लगभग 10 लाख रुपये) को भी जब्त कर लिया। इस प्रकार कुल जब्ती की कीमत 9 करोड़ 27 लाख 84 हज़ार 220 रुपये बताई गई।
पुलिस के अनुसार, तीनों व्यक्तियों को सोने के आभूषणों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए धारा 94 बी.एन.एस.एस. का नोटिस दिया गया। लेकिन वे कोई कानूनी कागजात नहीं दिखा सके, जिसके बाद धारा 106 बीएनएसएस के तहत संपत्ति जब्त कर ली गई। पुलिस ने अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय, छत्तीसगढ़ को सूचित कर दिया है।
फिलहाल, तीनों युवकों से पूछताछ जारी है कि यह सोना कहां से लाया गया और किसे सुपुर्द किया जाना था। पुलिस इस गिरोह के अन्य संभावित कनेक्शनों की भी जांच कर रही है।