कोरबा | पाली थाना क्षेत्र जिले के पाली थाना अंतर्गत ग्राम बरहामुड़ा में गुरुवार सुबह घरेलू विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बरहामुड़ा निवासी 35 वर्षीय रमाशंकर यादव अपनी 30 वर्षीय पत्नी पूर्णिमा यादव के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। गुरुवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच फिर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी पति ने घर में रखे धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।