समाधान शिविर में दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण वितरण, समावेशी शिक्षा को मिला बढ़ावा
बसना/सरायपाली। सुशासन तिहार के अंतर्गत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल केना में आयोजित जनसमस्या निवारण समाधान शिविर में दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। समग्र शिक्षा राज्य परियोजना कार्यालय की ओर से प्राप्त उपकरणों का वितरण राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोरिया ने किया।
शिविर में दिव्यांग विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और समावेशी शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह पहल सराहनीय रही। इस दौरान शिक्षा विभाग से सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी देवनारायण दीवान, स्पेशल एजुकेटर सविता पटेल एवं अटेंडर योगेश चौधरी उपस्थित रहे।
शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भोथलडीह के कक्षा 12वीं के छात्र आयुष दास को ट्राइपॉड वॉकिंग स्टिक, हायर सेकेंडरी स्कूल जुएं के छात्र राहुल विशाल को बैसाखी, प्राथमिक शाला कन्या आश्रम चट्टी गिरोला की छात्रा नेहा बढ़िया को बुक मैग्नीफायर तथा प्राथमिक शाला जलगढ़ के छात्र देवेश राणा को सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की भी सक्रिय सहभागिता रही। जनपद पंचायत सरायपाली अध्यक्ष लक्ष्मी हरिश्चंद्र पटेल, जिला पंचायत महासमुंद सभापति कुमारी भास्कर, लोकनाथ बड़ी, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा प्रताप चौहान, जनपद पंचायत सभापति उद्धव नोन, उपाध्यक्ष मुकेश चौधरी एवं सरपंच श्रीमती मालती भोई सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह पहल दिव्यांग बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।