गर्मी के दिनों में पक्षियों के लिए सकोरों में दाना व पानी रख विद्यार्थी परिषद ने दिया सेवार्थ का संदेश
नवापारा राजिम। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) इकाई, गोबरा नवापारा द्वारा भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए जल एवं दाना उपलब्ध कराने हेतु “हमर चिरई, हमर चिन्हारी” अभियान के अंतर्गत सकोरा अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नगर के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सकोरे रखकर उनमें पक्षियों के लिए पानी और दाना की व्यवस्था की गई।
गर्मी बढ़ने के साथ ही पशु-पक्षियों के सामने पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए अभाविप ने यह जनसेवा अभियान प्रारंभ किया है। परिषद केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहकर एस.एफ.डी. सेवार्थ जैसे विभिन्न माध्यमों से सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन कर रही है।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने बताया कि गर्मी के मौसम में जल के अभाव के कारण पक्षियों को जीवन यापन में अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में इस प्रकार की छोटी-छोटी पहल उनके लिए जीवनदायिनी सिद्ध हो सकती है। लगातार पेड़ों की कटाई से पक्षियों एवं वन्य प्राणियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है।
परिषद ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, दुकान या आसपास किसी छायादार स्थान पर कम से कम एक सकोरे में पानी एवं कुछ दाने अवश्य रखें, ताकि पक्षियों की प्यास बुझ सके और उनका जीवन सुरक्षित रह सके।
अभाविप ने जल संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि भविष्य में जल संकट से बचने के लिए हम सभी को जल का सीमित एवं उचित उपयोग करना होगा, क्योंकि “जल है तो कल है।”
इस अभियान में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दीपक साहू, अभिषेक कंसारी, धर्मेंद्र साहू, श्लोक शर्मा, हर्षित कंसारी, कुनाल साहू, दक्ष साहू, पूनम साहू, प्रियंका महतो सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।