घिरघोल में समर कैम्प 2026 का भव्य समापन, देर रात तक चला बच्चों का उत्सव

SARJU PRASAD SAHU

May 13, 2026

कसडोल। 12 मई 2026विकासखंड कसडोल के संकुल पुटपुरा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला घिरघोल में आयोजित “सीखना सिखाना केन्द्र (समर कैम्प 2026)” का भव्य समापन उत्साह और उल्लास के माहौल में सम्पन्न हुआ। पंद्रह दिवसीय इस समर कैम्प में बच्चों ने खेल-खेल में भाषा, गणित, पर्यावरण एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

यह समर कैम्प Azim Premji Foundation कसडोल के सहयोग से शाला प्रबंधन समिति, ग्राम पंचायत एवं ग्राम विकास समिति द्वारा गांव के सामुदायिक भवन में आयोजित किया गया। समापन समारोह में सैकड़ों ग्रामीण महिला-पुरुष, पालक एवं बच्चे शामिल हुए।

खराब मौसम, आंधी-तूफान और बिजली बंद होने जैसी चुनौतियों के बावजूद जनरेटर की सहायता से देर रात तक कार्यक्रम जारी रहा। बच्चों ने नाटक, बाल गीत, लोकनृत्य एवं समूह नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

कैम्प के दौरान 60 बच्चों को 12 युवा मेंटर्स के मार्गदर्शन में 10 समूहों में विभाजित किया गया। प्रतिदिन सर्कल टाइम, भाषा की दुनिया, गणित का खेल तथा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों को घर पर डस्टबीन, घोंसला, तराजू, सीड बॉल, गांव की कहानी, लोकगीत एवं कागज कला जैसे रचनात्मक कार्यों के असाइनमेंट दिए गए, जिनकी प्रदर्शनी समापन दिवस पर लगाई गई।

प्रधान पाठक ईश्वरी प्रसाद चौहान ने कहा कि यह समर कैम्प बच्चों के सीखने और अभिव्यक्ति कौशल के विकास के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हुआ। ग्रामीणों एवं पालकों के सहयोग से यह आयोजन गांव के लिए यादगार बन गया है और भविष्य में इसे प्रतिवर्ष आयोजित करने की योजना है।

संकुल समन्वयक गौकरण पैकरा ने इसे संकुल के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि आने वाले समय में अन्य स्कूलों में भी ऐसे आयोजन किए जाएंगे। ग्राम विकास समिति के कृष्णा मरकाम ने कहा कि गांव में पहली बार शहरों जैसी भव्यता देखने को मिली।

समापन अवसर पर बाल अखबार ‘किलकारी’ का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में युवा मेंटर देवयानी, राज नंदिनी एवं शिक्षक सुनील कुमार चेलक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में प्रधान पाठक ईश्वरी चौहान ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment