बलौदाबाजार। 9 मई 2026 राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने आज तहसील सुहेला के अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़कीडीह में 5 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
ग्राम पड़कीडीह में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों की शुरुआत की। इसमें पड़कीडीह से टेकरी मार्ग पर बंजारी नाला में 5 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले वृहद पुल का भूमिपूजन शामिल है। इसके अलावा, ग्राम पंचायत पड़कीडीह में 9 लाख 85 हजार रुपये की लागत से निर्मित पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) भवन और 10 लाख रुपये की लागत से बने सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार सभी वर्गों के लोगों के लिए योजनाएं बनाने के साथ-साथ विकास कार्यों को भी तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि शहर से लेकर गांव तक सड़क और पुल का जाल बिछाया जा रहा है, ताकि कोई भी गांव पहुंचविहीन न रहे। हाल ही में बजट सत्र के दौरान कई बड़े पुलों और सड़कों के निर्माण के लिए राशि का प्रावधान किया गया है।
राजस्व मंत्री ने आगे कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए शुरू की गई महतारी वंदन योजना से महिलाएं अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए स्वयं इस राशि का उपयोग कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि महतारी सदन का निर्माण किया जा रहा है, जहां समूह की विभिन्न गतिविधियों पर बैठकर चर्चा की जा सकती है। इसी तरह तेंदुपत्ता दर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा, चरण पादुका योजना और भूमिहीन मजदूरों के लिए दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना भी संचालित की जा रही हैं।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष दौलत पाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।