ग्राम पोड़ में गहराया जल संकट, पानी को लेकर रोजाना विवाद — ग्रामीणों ने चिकन सेंटर हटाने और टैंकर सुविधा की मांग की, 

BHUPENDRA SINHA

May 7, 2026

गरियाबंद :- जिले के ग्राम में पोड़ इन दिनों पेयजल संकट गंभीर रूप लेता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि गांव में पानी को लेकर आए दिन विवाद और झड़प की स्थिति बन रही है। विशेष रूप से बस स्टैंड और डोंगरी पारा क्षेत्र, जहां गांव की आधी आबादी निवास करती है, वहां समस्या और अधिक विकराल हो गई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की पानी टंकी के पास संचालित चिकन सेंटर से अत्यधिक बदबू फैलती है, जिससे आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है। साथ ही, वहां कुछ लोगों द्वारा शराब सेवन कर गाली-गलौज किए जाने की शिकायत भी सामने आई है। मोहल्ला वासियों का कहना है कि यदि चिकन सेंटर को वहां से हटाया जाए, तो क्षेत्र का माहौल काफी हद तक सुधर सकता है।

पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई बार बोर खनन कराया गया, लेकिन पर्याप्त पानी नहीं निकल पाया। उनका कहना है कि जब तक कुकदा डेम से गांव तक पानी की आपूर्ति नहीं की जाएगी, तब तक इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। फिलहाल, तत्काल राहत के तौर पर नियमित पानी टैंकर उपलब्ध कराने की मांग की जा रही है।

इस मामले में आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष चमन यादव ने कहा कि बिजली, पानी, स्कूल, अस्पताल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि ग्राम पोड में जल समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो जल्द ही उग्र आंदोलन किया जाएगा।

वहीं जिला महासचिव नंद लाल यादव ने कहा कि प्रदेश में सुशासन तिहार चलाया जा रहा है, लेकिन पोड़ गांव, जो विधायक के निवास से मात्र 20-25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, वहां की मूलभूत समस्याएं अब तक जस की तस हैं। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े वादों के बजाय जमीनी स्तर पर काम करने की जरूरत है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर समस्या के समाधान की मांग की है, ताकि गांव में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment