केंद्रीकृत उच्च प्राथमिक परीक्षा 2026 में मिडिल स्कूल धमनी के विद्यार्थियों ने लहराया सफलता का परचम, खुशी ख़टर्जी बनीं संकुल टॉपर

TEKRAM KOSLE

May 1, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

हसौद/सक्ती। छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जिला सक्ती में सत्र 2025-26 की केंद्रीकृत प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक परीक्षा के परिणाम 30 अप्रैल 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. कुमुदिनी बाघ द्विवेदी द्वारा आधिकारिक रूप से घोषित किए गए। इस वर्ष कक्षा आठवीं में जिले के कुल 11,534 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 10,878 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 10,230 विद्यार्थी सफल रहे। जिले का कुल परीक्षा परिणाम 88.69 प्रतिशत दर्ज किया गया।
कलेक्टर अमृत प्रकाश तोपनों के मार्गदर्शन एवं जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. कुमुदिनी बाघ द्विवेदी की उपस्थिति में घोषित परीक्षा परिणामों में संकुल केंद्र हसौद ब अंतर्गत संचालित मिडिल स्कूल धमनी ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर अपनी उत्कृष्टता साबित की। विद्यालय के छात्रों ने न केवल शानदार परिणाम दिए बल्कि पूरे संकुल स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल कर विद्यालय, गांव और संकुल का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय के संस्था प्रमुख टिकेश्वर प्रसाद दुबे एवं वरिष्ठ नवाचारी शिक्षक जगजीवन प्रसाद जांगड़े ने बताया कि शिक्षकों की मेहनत, विद्यार्थियों की लगन और अभिभावकों के सहयोग से यह सफलता संभव हो सकी। विद्यालय में कक्षा आठवीं के कुल 35 विद्यार्थियों में से 34 छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 1 विद्यार्थी अनुपस्थित रहा। परीक्षा में शामिल सभी 34 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इनमें से 31 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी तथा 3 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त की।
विद्यालय एवं संकुल केंद्र हसौद ब में खुशी ख़टर्जी ने 94.08 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। खुशी ने न केवल विद्यालय में टॉप किया बल्कि पूरे संकुल केंद्र हसौद ब में शीर्ष स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की। दिव्या धीरहे ने 91.75 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि हिमांशी महंत ने 91.73 प्रतिशत के साथ तृतीय स्थान अर्जित किया।
विद्यालय स्तर पर तृषा खुराना ने 87.9 प्रतिशत के साथ चौथा स्थान तथा यश कुमार ख़टर्जी ने 87.8 प्रतिशत अंक अर्जित कर पंचम स्थान प्राप्त किया।
टॉप 10 विद्यार्थियों में सिमरन यादव (86.9%), महिमा कोयल (86.6%), पायल गोस्वामी (86.4%), तानिया कोयल (86.1%) एवं श्रेया यादव (84.4%) ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया।
हिंदी विषय के शिक्षक जगजीवन प्रसाद जांगड़े ने सभी विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों ने सभी विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में और अधिक मेहनत कर नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की इस उपलब्धि पर एसएमसी अध्यक्ष नीलम साहू, संकुल प्राचार्य अरुण कुमार जायसवाल, सीएसी विश्वनाथ प्रताप टंडन, ग्राम पंचायत धमनी के युवा सरपंच प्रतिनिधि दीपक कुमार मधुकर सहित समस्त ग्रामवासियों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय की सफलता में शिक्षक मनीष दास बैरागी, संजय कुमार तंजय एवं हेरोद कुमार भारद्वाज का विशेष योगदान रहा। मिडिल स्कूल धमनी की इस शानदार उपलब्धि ने क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की प्रतिभा को एक बार फिर प्रमाणित किया है।

संपादक { समाचार }

Share this content:

Leave a Comment