रायपुर। जिले के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के 28 बच्चों को आज रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। आधुनिक परिवहन की व्यावहारिक जानकारी देने और बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित यह यात्रा बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक के साथ-साथ कौतूहल और रोमांच से भरी रही।
क्षेत्रीय निदेशक (नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो) से समन्वय एवं अनुमति के बाद आयोजित इस भ्रमण में बच्चे अपने स्कूली गणवेश और आईडी कार्ड के साथ हवाई अड्डे पहुंचे। हवाई अड्डे की कार्यप्रणाली, सुरक्षा जांच की प्रक्रिया और आधुनिक विमानन सेवाओं को करीब से देखकर बच्चों की उत्सुकता साफ दिखाई दे रही थी।
बच्चों को एयरफोर्स के कार्य एवं महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। विभाग द्वारा बच्चों के लिए वाहन और सुव्यवस्थित आवागमन की व्यवस्था की गई थी, जिससे भ्रमण सुचारू रूप से संपन्न हो सका।
इस भ्रमण योजना का उद्देश्य बच्चों के मानसिक क्षितिज को विस्तार देना है। पुलिस परिवार के ये बच्चे, जो अक्सर अपने अभिभावकों की व्यस्त ड्यूटी के कारण ऐसे अनुभवों से वंचित रह जाते हैं, आज हवाई अड्डे के माहौल को देखकर बेहद उत्साहित नजर आए। विभाग द्वारा कराए गए इस आयोजन से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ा और उनमें कुछ नया सीखने की ललक पैदा हुई।