छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक आदेश जारी करते हुए बलौदाबाजार-भाटापारा की पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रीमती भावना गुप्ता को मातृत्व अवकाश स्वीकृत किया है। जारी आदेश के अनुसार, उन्हें 20 अप्रैल 2026 से 14 अगस्त 2026 तक कुल 117 दिनों का अवकाश प्रदान किया गया है।

सरकार ने इस अवधि के दौरान 18-19 अप्रैल तथा 15-16 अगस्त 2026 के घोषित शासकीय अवकाश का लाभ लेने की भी अनुमति दी है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अवकाश के दौरान श्रीमती गुप्ता को वही वेतन और भत्ते मिलेंगे, जो उन्हें अवकाश पर जाने से पूर्व प्राप्त हो रहे थे।
वापसी पर फिर संभालेंगी एसपी का पद
आदेश के मुताबिक, मातृत्व अवकाश समाप्त होने के बाद श्रीमती भावना गुप्ता पुनः बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पुलिस अधीक्षक पद पर पदस्थ होंगी। शासन ने यह भी प्रमाणित किया है कि यदि वे अवकाश पर नहीं जातीं, तो अपने पद पर निरंतर कार्यरत रहतीं।
ओमप्रकाश शर्मा को अतिरिक्त जिम्मेदारी
इस बीच, अवकाश अवधि में जिले की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी श्री ओमप्रकाश शर्मा (रापुसे), सेनानी, चौथी वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, माना रायपुर को सौंपी गई है। वे अपने वर्तमान कार्यों के साथ-साथ एसपी का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा उनके आदेशानुसार अपर सचिव डी.एस. ध्रुवे द्वारा जारी किया गया है।
प्रशासनिक हलकों में चर्चा
इस आदेश के बाद प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है, वहीं जिले में नए प्रभार को लेकर पुलिस महकमे में समन्वय की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।