सारंगढ़-बिलाईगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पत्रकार पोश राम साहू के साथ मारपीट करने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय कन्नौजे के सख्त तेवर के बाद जांच में दोषी पाए गए कृषि विभाग के अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कलेक्टर के निर्देश पर उप संचालक कृषि विभाग (DDA) ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रवीण पटेल को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले जिला कृषि कार्यालय में पत्रकार पोश राम साहू किसान सम्मान निधि से संबंधित एक किसान को भुगतान/लाभ नहीं मिलने की बात को लेकर चर्चा करने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रवीण पटेल ने अचानक विवाद बढ़ाते हुए पत्रकार के साथ मारपीट की, जिसके बाद पत्रकारों और सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया। लगातार कार्रवाई की मांग उठ रही थी।
बताया जा रहा है कि अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति के सदस्यों ने एसपी और कलेक्टर से मुलाकात कर दोषी अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने निवेदन दिया था। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई का संदेश दे दिया है कि किसी भी पत्रकार या आम नागरिक के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अब चर्चा इस बात की भी है कि क्या आगे और भी जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी। फिलहाल पूरे जिले में निलंबन की खबर को न्याय की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।