बलौदाबाजार। 23 अप्रैल 2026 योजनाओं के क्रियान्वयन एवं आम आदमी तक बुनियादी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने गुरुवार को विकासखंड बलौदाबाजार अंतर्गत विभिन्न ग्रामों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत पनगांव एवं लाहौद में स्थित अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ऑपरेटर को ई-केवायसी सहित केन्द्र की सभी सुविधाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
लाहौद में नवनिर्मित भवन में संचालित अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ऑपरेटर से उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रतिदिन बैंक ट्रांजेक्शन एवं अन्य सेवाओं को लेकर भी पूछताछ की। ऑपरेटर ने बताया कि केन्द्र में लगभग 24 प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध हैं। वर्तमान में महतारी वंदन योजना के हितग्राही ई-केवायसी के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
कलेक्टर ने केन्द्र संचालन के दौरान बिजली बाधा को दूर करने के लिए इन्वर्टर की व्यवस्था हेतु सरपंच एवं सचिव को निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने भवन के पास सोखता गड्ढा निर्माण में श्रमदान किया और लोगों को सोखता गड्ढा के महत्व के बारे में जानकारी दी।
इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम पंचायत पनगांव के अटल डिजिटल केन्द्र का अवलोकन किया। यहां ई-केवायसी के लिए पहुंचे महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों से उन्होंने बातचीत की। महिलाओं ने बताया कि केवायसी की प्रक्रिया 15 से 20 मिनट में पूरी हो जाती है और इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। ऑपरेटर ने बताया कि लगभग 40 प्रतिशत हितग्राहियों का ई-केवायसी पूर्ण हो चुका है, शेष प्रक्रिया अगले 15 दिनों में पूरी कर ली जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपस्थित ग्रामीणों से आंगनबाड़ी केन्द्र, तथा पीडीएस दुकानों का समय पर खुलना आदि की जानकारी भी ली।
बताया गया कि जिले में अटल डिजिटल सेवा केन्द्र के 26 स्थानों पर स्वीकृति मिली है, जिनमें से 25 स्थानों पर संचालन किया जा रहा है।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, एसडीएम प्रकाश कोरी, सीएमएचओ डॉ राजेश अवस्थी सहित तहसीलदार और जनपद सीईओ उपस्थित थे।