बलौदाबाजार, 18 अप्रैल 2026। जिले में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत 1 मई से 10 जून 2026 तक ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में आम जनता की समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों से संबंधित आवेदनों का निराकरण किया जाएगा तथा पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
इस संबंध में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शनिवार को अधिकारियों की ऑनलाइन समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
📌 क्लस्टर स्तर पर होंगे शिविर
कलेक्टर ने बताया कि प्रत्येक विकासखंड में 5 से 6 क्लस्टर ग्राम पंचायतों का चयन किया जाएगा, जहां शिविर आयोजित होंगे। प्रत्येक क्लस्टर में लगभग 15 से 20 ग्राम पंचायत शामिल रहेंगी। शिविर स्थलों का चयन करते समय मार्ग एवं हेलीपेड जैसी व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए, ताकि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान कोई समस्या न हो।
📌 विभागीय स्टॉल व सुविधाएं रहेंगी उपलब्ध
शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। साथ ही मेडिकल कैम्प, पेयजल, मंच, पंडाल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कला जत्था की भी व्यवस्था रहेगी।
📌 आवेदन के लिए काउंटर और ऑनलाइन एंट्री
शिविरों में आवेदनों के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए जाएंगे और नोडल अधिकारी तैनात किए जाएंगे। प्राप्त आवेदनों को एप के माध्यम से संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
📌 अधिकारियों को दिए निर्देश
कलेक्टर ने सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को शिविर की तैयारी के लिए कार्ययोजना बनाकर तेजी से काम करने के निर्देश दिए। साथ ही 30 अप्रैल तक विभागों में लंबित आवेदनों के निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर दीप्ति गोते, संयुक्त कलेक्टर सीमा ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।