कोरबा। राजीव गांधी ऑडिटोरियम में आयोजित वर्चुअल भूमिपूजन कार्यक्रम में ‘धरती आबा जनजातीय उत्कृष्ट अभियान’ एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-4) के तहत विकास का एक बड़ा अध्याय शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में वाणिज्य, उद्योग, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन एवं कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल विशेष रूप से शामिल हुए।
इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत 55 सड़कों के माध्यम से 67 बसाहटों को जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है। इन सड़कों की कुल लंबाई 162.81 किलोमीटर होगी, जिसके लिए 154 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इससे दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, सदस्य रेणुका राठिया, जनपद अध्यक्ष पूर्णिमा शोभा सिंह जगत एवं झुलबाई गोविन्द सिंह कंवर, जनजातीय सलाहकार सदस्य रघुराज सिंह उईके, कटघोरा ब्लॉक सरपंच संघ अध्यक्ष राजू लाल श्रोते सहित सरपंचगण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं, कलेक्टर कुणाल दुदावत, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, सहायक आयुक्त श्रीकांत कसेर, पीएमजीएसवाई इंजीनियर सी.एल.एस. कंवर एवं ई-रेस अशोक जोगी सहित प्रशासनिक अमला भी मौजूद रहा।
यह पहल कोरबा के जनजातीय अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होगी।