अंतरराज्यीय गांजा तस्करी पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, सिंघोड़ा में 312 किलो गांजा जब्त

SARJU PRASAD SAHU

April 9, 2026

ओडिशा से मुंबई खपाने ले जाया जा रहा था मादक पदार्थ, 1.71 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त।

बसना/महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश किया है। टीम ने 312.590 किलोग्राम गांजा जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक (क्र. KA 13 D 7710) ओडिशा की ओर से भारी मात्रा में गांजा लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की गई। कुछ ही देर में संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की गई, जिसमें चालक सहित दो लोग सवार थे।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम इम्तियाज खान (48 वर्ष, मैसूर, कर्नाटक) और सहचालक ने रवि प्रकाश राउतकर (45 वर्ष, बालाघाट, मध्यप्रदेश) बताया। ट्रक के डाले में रखी बोरियों की जांच करने पर उसमें 312.590 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसे ओडिशा के सोनपुर से मुंबई ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने मौके से गांजा (कीमत लगभग 1.56 करोड़ रुपये), परिवहन में प्रयुक्त ट्रक (कीमत 15 लाख रुपये) और दो मोबाइल फोन (कीमत 8 हजार रुपये) जब्त किए। कुल मिलाकर 1 करोड़ 71 लाख 42 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

जांच के दौरान मामले से जुड़े अन्य आरोपियों—बरहामपुर (ओडिशा) निवासी जियाउल हक, तथा ट्रक की व्यवस्था कराने वाले सुखविंदर उर्फ बुलबुल और नदीम अंसारी—को भी गिरफ्तार किया गया है।

सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(B) के तहत मामला दर्ज कर थाना सिंघोड़ा में अपराध कायम किया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सोर्स प्वाइंट से लेकर डेस्टिनेशन तक सख्त निगरानी रखी जा रही है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment