रोजगार वादों पर टकराव गेवरा में भू-विस्थापितों की चेतावनी, 9 अप्रैल से काम बंद आंदोलन संभव

SARJU PRASAD SAHU

April 8, 2026

कोरबा। एसईसीएल के गेवरा क्षेत्र में भू-विस्थापित ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। लंबे समय से रोजगार के वादे पूरे नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रबंधन द्वारा बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। इससे प्रभावित परिवारों में भारी असंतोष व्याप्त है और अब वे आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं।

जानकारी के अनुसार, 10 मार्च को सभी पात्र भू-विस्थापितों को रोजगार देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसके बाद भी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। वहीं 18 मार्च को 15 लोगों को तत्काल नौकरी देने की घोषणा हुई, जो अब तक अमल में नहीं आ सकी है। इसके बाद 27 मार्च को 20 लोगों को 8 अप्रैल तक ट्रायल और जॉइनिंग देने की बात कही गई थी, लेकिन यह समयसीमा भी पूरी नहीं हो पाई।

लगातार टलते वादों से नाराज ग्रामीणों ने अब सख्त रुख अपनाते हुए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि यदि निर्धारित समय में उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तो 9 अप्रैल से गेवरा क्षेत्र में अनिश्चितकालीन काम बंद आंदोलन शुरू किया जाएगा।

ग्रामीणों ने इस संबंध में प्रशासन को भी सूचना दे दी है और साफ कर दिया है कि जब तक रोजगार की मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ऐसे में यदि स्थिति नहीं सुलझी, तो एसईसीएल गेवरा क्षेत्र में कामकाज पूरी तरह ठप पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment