साप्ताहिक टीएल बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश, पारदर्शिता और जनसुविधाओं पर जोर

SARJU PRASAD SAHU

April 7, 2026

बिलासपुर। 7 अप्रैल 2026। जिला कार्यालय के मंथन सभा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक टीएल बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, दीर्घकालिक योजना और जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में शिक्षा, जल संरक्षण, आवास और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

कलेक्टर ने निजी स्कूलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि सभी निजी स्कूल अपने परिसर में मान्यता प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। साथ ही यह स्पष्ट रूप से उल्लेख किया जाए कि विद्यालय सीबीएसई या छत्तीसगढ़ बोर्ड से मान्यता प्राप्त है, ताकि अभिभावकों और विद्यार्थियों को सही जानकारी मिल सके और किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की संभावना समाप्त हो। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए कलेक्टर ने हर शनिवार तहसील स्तर पर जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह अभियान इसी माह से शुरू होकर लगभग दो माह तक चलेगा और वे स्वयं भी इन शिविरों में उपस्थित रहेंगे। अधिकारियों को शिविरों की बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में कलेक्टर ने बजट में स्वीकृत कार्यों के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजनाएं बनाते समय केवल तात्कालिक जरूरतों पर नहीं, बल्कि आगामी 20 से 30 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखा जाए। साथ ही किसी भी निर्माण कार्य से पहले वहां तक सड़क सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं की उपयोगिता प्रभावित न हो।

जल संरक्षण को लेकर भी कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को सूखे तालाबों से मिट्टी और मुरूम निकालने के निर्देश दिए, जिससे तालाबों की गहराई बढ़े और जल संचयन में मदद मिले। साथ ही अनियमित मिट्टी उत्खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में सोखता गड्ढे निर्माण और कच्चे नाला बांध बनाकर वर्षा जल को रोकने के उपायों को प्राथमिकता देने को कहा गया।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए, ताकि निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरे किए जा सकें। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment