कोरबा। जिले में छात्र राजनीति को फिर से सक्रिय करने की मांग तेज होती जा रही है। शासकीय ग्राम्य भारती महाविद्यालय, हरदी बाजार के छात्रों ने छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
यह ज्ञापन NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डे के अनुमोदन एवं जिला अध्यक्ष मनमोहन राठौर के निर्देश पर जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र चौबे के नेतृत्व में सौंपा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की मौजूदगी ने आंदोलन को मजबूती दी।
छात्रों ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतंत्र की बुनियादी भावना का हिस्सा है, जो युवाओं में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और सहभागिता को बढ़ावा देता है। उनका मानना है कि चुनावों के माध्यम से ही छात्रों को अपनी बात रखने का प्रभावी मंच मिलता है।
नेताओं के बयान।
नीरज पाण्डे (प्रदेश अध्यक्ष) ने कहा, “प्रदेशभर में छात्र अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी, छात्रसंघ चुनाव बहाली हमारी प्राथमिकता है।”
मनमोहन राठौर (जिला अध्यक्ष) ने कहा, “संगठन छात्रहित के मुद्दों पर संघर्ष के लिए पूरी तरह तैयार है, जरूरत पड़ी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।”
भूपेंद्र चौबे (जिला उपाध्यक्ष) ने कहा, “छात्रसंघ चुनाव छात्रों का अधिकार है, इसे जल्द बहाल किया जाना चाहिए ताकि युवाओं को नेतृत्व का अवसर मिल सके।
रवि पटेल जिला महासचिव ने कहा, युवा शक्ति को सही दिशा देने के लिए चुनाव जरूरी हैं,इससे छात्रों में जिम्मेदारी और भागीदारी बढ़ती है।
इस पहल के बाद जिले में छात्र राजनीति को लेकर नई बहस छिड़ गई है और आने वाले समय में इस मुद्दे पर आंदोलन और तेज होने के संकेत मिल रहे।