महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों के ई-केवायसी हेतु प्रशिक्षण शुरू

TEKRAM KOSLE

March 27, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशों के परिपालन में जिले में संचालित महतारी वंदन योजना के सभी हितग्राहियों का ई-केवायसी अनिवार्य रूप से कराया जाएगा। इसी क्रम में जिले के कुल 3 लाख 26 हजार 814 हितग्राहियों का ई-केवायसी कार्य 01 अप्रैल से 30 जून 2026 तक जिले के सभी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) में किया जाएगा।
ई-केवायसी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिले में कार्यरत वीएलई (Village Level Entrepreneurs) को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आज महासमुंद विकासखंड के सभी वीएलई को जनपद पंचायत सभागार में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस अवसर पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शेड्यूल इस प्रकार निर्धारित किया गया है—
27 मार्च: महासमुंद
28 मार्च: बागबाहरा
30 मार्च: पिथौरा
31 मार्च: बसना
01 अप्रैल: सरायपाली
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री जटवार ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी हितग्राहियों के लिए ई-केवायसी कराना अनिवार्य है। हितग्राही अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र के पास स्थित CSC केंद्र में जाकर यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहयोग प्रदान करेंगी।
उन्होंने यह भी बताया कि जैसे-जैसे हितग्राहियों का ई-केवायसी पूर्ण होता जाएगा, उनकी जानकारी स्वतः अपडेट होती जाएगी। वहीं जिन हितग्राहियों का ई-केवायसी लंबित रहेगा, उनकी सूची आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आईडी में प्रदर्शित होगी।
महत्वपूर्ण बात यह है कि ई-केवायसी की प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क है तथा इसमें हितग्राहियों की किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी या डाटा को साझा या सार्वजनिक नहीं किया जाएगा।
कार्य की प्रभावी निगरानी के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं पर्यवेक्षक लगातार मॉनिटरिंग करेंगे, ताकि किसी भी समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके और निर्धारित समयावधि में ई-केवायसी कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हो सके।

संपादक { समाचार }

Share this content:

Leave a Comment