बसना में मारवाड़ी युवा मंच उन्नति शाखा की सराहनीय पहल, अमृत धारा प्रकल्प के तहत लगाया गया वाटर कूलर

SARJU PRASAD SAHU

March 27, 2026

बसना। भीषण गर्मी के बीच नगरवासियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच उन्नति शाखा बसना द्वारा एक सराहनीय सामाजिक पहल की गई है। शाखा ने अपने स्थायी सेवा प्रकल्प “अमृत धारा” के अंतर्गत बसना के मुख्य चौक में वाटर कूलर स्थापित कर आमजन को शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई है।

यह सेवा कार्य राहगीरों, दुकानदारों एवं आम नागरिकों के लिए गर्मी में किसी वरदान से कम नहीं है। अब लोगों को तेज धूप में प्यास बुझाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, बल्कि उन्हें एक ही स्थान पर स्वच्छ और ठंडा पानी आसानी से मिल सकेगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा की वरिष्ठ सदस्य एवं राष्ट्रीय स्वस्थ भारत फोरम की वाइस चेयरमैन रीना अग्रवाल के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल द्वारा उनका पुष्पगुच्छ, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।

इस मौके पर शाखा की सभी सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए सेवा भावना का परिचय दिया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रीना अग्रवाल, शालिनी अग्रवाल, श्वेता अग्रवाल (सचिव), सपना अग्रवाल (कोषाध्यक्ष), विनीता अग्रवाल, ममता अग्रवाल, पिंकी अग्रवाल सहित नव-निर्वाचित पदाधिकारी पूनम अग्रवाल (अध्यक्ष), कंचन अग्रवाल (सचिव) एवं संध्या अग्रवाल (कोषाध्यक्ष) उपस्थित रहीं।

मारवाड़ी युवा मंच उन्नति शाखा बसना द्वारा समय-समय पर समाजहित में ऐसे जनकल्याणकारी कार्य किए जाते रहे हैं। “अमृत धारा” प्रकल्प के माध्यम से यह पहल न केवल सेवा का उदाहरण है, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी का भी संदेश देती है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment