रात में रोशनी नदारद, सड़क किनारे खड़े भारी वाहन बने खतरा; एनएसयूआई ने सौंपा ज्ञापन
कोरबा/पाली । जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत हरदी बाजार क्षेत्र की रेंकी रोड इन दिनों आम लोगों के लिए जोखिम भरा मार्ग बनती जा रही है। औद्योगिक गतिविधियों के बीच इस सड़क पर अव्यवस्था और लापरवाही ने जनसुरक्षा को गंभीर संकट में डाल दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर भारी वाहनों की अवैध पार्किंग और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का अभाव दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है। रात के समय सड़क पूरी तरह अंधेरे में डूबी रहती है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इस गंभीर समस्या को लेकर एनएसयूआई (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष मनमोहन राठौर ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि संयंत्र के सामने स्ट्रीट लाइट की कमी के कारण हालात और अधिक चिंताजनक हो गए हैं। वहीं, सड़क किनारे खड़े भारी वाहन आवागमन को बाधित कर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
राठौर ने प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उच्च स्तरीय प्रकाश व्यवस्था और यातायात सुचारू करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो एनएसयूआई जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो यह सड़क बड़ी दुर्घटनाओं का केंद्र बन सकती है।