मनेन्द्रगढ़। जिला कोरिया अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) मनेन्द्रगढ़ इकाई द्वारा सेवा और समर्पण का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया गया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने दृष्टि बाधित छात्राओं की परीक्षा में लेखक (Writer) के रूप में सहयोग करते हुए उन्हें सफलतापूर्वक परीक्षा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
परीक्षा के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वयं लेखक बनकर छात्राओं की सहायता की, जिससे वे बिना किसी बाधा के अपनी परीक्षा दे सकीं। यह पहल न केवल मानवीय संवेदनाओं को दर्शाती है, बल्कि शिक्षा के प्रति समान अवसर के महत्व को भी उजागर करती है।
इस अवसर पर नगर सह मंत्री महेश कौशिक, नगर महाविद्यालय प्रमुख राजबली सिंह, कार्यकर्ता मानसी अग्रवाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी के सामूहिक प्रयासों से यह सेवा कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि ABVP सदैव विद्यार्थियों के हित और उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन का मानना है कि किसी भी छात्र को किसी भी प्रकार की बाधा के कारण शिक्षा से वंचित नहीं होना चाहिए।
महेश कौशिक नगर सह मंत्री ने कहा
दृष्टि बाधित छात्राओं की परीक्षा में लेखक के रूप में सहयोग करना हमारे लिए सामाजिक दायित्व है। ABVP का प्रयास है कि कोई भी विद्यार्थी शिक्षा से वंचित न रहे। ‘छात्र शक्ति, राष्ट्र शक्ति’ के संकल्प के साथ हम आगे भी ऐसे सेवा कार्य करते रहेंगे।
ABVP मनेन्द्रगढ़ इकाई द्वारा किया गया यह कार्य समाज में सेवा भावना और सकारात्मक सोच का सशक्त संदेश देता है।