अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बलौदा बाजार में भव्य आयोजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

SARJU PRASAD SAHU

March 22, 2026

 

बलौदा बाजार। नया सवेरा जन कल्याण समिति छत्तीसगढ़ प्रधान कार्यालय बलौदा बाजार के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर नगर के ऑडिटोरियम में पहली बार एक विशाल एवं भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आकर्षक सजावट, सुव्यवस्थित मंच और विविध गतिविधियों ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक अध्यक्ष लता अजय साहू के मार्गदर्शन में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा एवं विशिष्ट अतिथि पालिका अध्यक्ष अशोक जैन के सानिध्य में हुआ। गणेश वंदना और सुंदर कथक नृत्य प्रस्तुति के साथ शुरुआत हुई, जिसके पश्चात अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर छत्तीसगढ़ राज्य गीत के साथ कार्यक्रम को औपचारिक रूप दिया गया।

इस अवसर पर रायपुर, भिलाई, भाटापारा, बिलासपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में जैन, सोनी, गुजराती, यादव, साहू, सिंधी, सिख और बंगाली समाज सहित सभी वर्गों की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में बच्चों से लेकर बड़ों तक ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रैंप वॉक, कथक नृत्य, एनसीसी कैडेट्स का नाट्य मंचन, गीत-संगीत एवं भजन मंडली द्वारा प्रस्तुत पंडवानी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष आकर्षण तब रहा जब एक गर्भवती महिला ने आत्मविश्वास के साथ रैंप वॉक कर समाज को सशक्त संदेश दिया, जिसकी उपस्थित जनों ने सराहना की।

कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन रुक्मणी यादव एवं यशस्वी साहू ने किया। आयोजन की सफलता में समिति के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

अंत में अतिथियों द्वारा प्रतिभागियों को मेडल, एप्रोन एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। समिति द्वारा छत्तीसगढ़ की पारंपरिक पहचान—ठुमरी टोपी एवं पुतरी हार (सिक्कों की माला) भेंट कर अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही, बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए चिड़ियों के लिए पानी के पात्र एवं दाना वितरण जैसी सराहनीय पहल भी की गई।

कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष लता अजय साहू एवं समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment