
रिपोर्टर टेकराम कोसले
जांजगीर-चांपा । जिले के अकलतरा क्षेत्र में शिवसेना ने ग्राम पंचायत कटघरी में संचालित अवैध ईंट भट्ठे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शिवसेना जिला इकाई ने ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
शिवसेना जिला अध्यक्ष दिलेश्वर विश्वकर्मा ने बताया कि ग्रामवासियों की लगातार शिकायतों के बाद मामले की जांच की गई, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच में यह पाया गया कि ईंट भट्ठा बिना वैध अनुमति के संचालित किया जा रहा है। इसके अलावा तालाब की मिट्टी का अवैध उत्खनन किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि भट्ठे से निकलने वाली राख और धूल के कारण आसपास के ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में प्रशासन को शीघ्र कार्रवाई करने के लिए चेतावनी भी दी गई है। शिवसेना ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाया गया तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
रामनवमी शोभायात्रा को लेकर बनाई रणनीति
इसी क्रम में पामगढ़ ब्लॉक में शिवसेना महिला सेना की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी रामनवमी शोभायात्रा को भव्य और सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने और आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के तहत 28 मार्च को रायपुर और 5 अप्रैल को अकलतरा में भव्य शोभायात्रा निकालने की योजना बनाई गई है।
बैठक में जिला अध्यक्ष दिलेश्वर विश्वकर्मा, जिला महासचिव रामावतार कश्यप, महिला सेना जिला अध्यक्ष शगुन यादव, ब्लॉक अध्यक्ष अक्षय ओग्रे, जिला उपाध्यक्ष संतोष सारथी, गीतेश यादव, आरती बनाफर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।