प्रीति पटेल, स्नेहा यादव और रौनक प्रधान ने पाई सफलता, जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने किया सम्मानित
रेमड़ा। प्राथमिक विद्यालय रेमड़ा के तीन मेधावी विद्यार्थियों का नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में चयन होने से पूरे ग्राम और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। चयनित विद्यार्थियों में प्रीति पटेल, स्नेहा यादव और रौनक प्रधान शामिल हैं।
कठिन प्रतिस्पर्धा के बावजूद इन विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह उपलब्धि हासिल की है। ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले इन बच्चों की सफलता को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने विद्यालय पहुंचकर चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को उपहार देकर सम्मानित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मार्गदर्शन और अवसर की होती है।
उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों ने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है और अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा बने हैं। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक और शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के निरंतर प्रयास का ही यह परिणाम है।
कार्यक्रम में कमल नयन प्रधान, अश्विनी प्रधान, तोष कुमार प्रधान, कमलेश शामल सहित ग्राम के गणमान्य नागरिक, अभिभावक, शिक्षक और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
रेमड़ा के इन होनहार विद्यार्थियों की सफलता से क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता और प्रेरणा का माहौल बनने की उम्मीद जताई जा रही है।