पेंशन, आवास, ट्रायसाइकिल व रास्ता संबंधी मामलों पर मौके पर कार्रवाई, कई शिकायतों का तत्काल समाधान
बेमेतरा, 17 मार्च 2026। जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले जनदर्शन कार्यक्रम के तहत आज कलेक्टरेट के दृष्टि सभा कक्ष में जनदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं।
जनदर्शन में नागरिकों ने अपनी विभिन्न मांगों, शिकायतों और समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल दूरभाष पर निर्देशित किया तथा कई मामलों में अधिकारियों को मौके पर बुलाकर समाधान सुनिश्चित कराया।
आज आयोजित जनदर्शन में कुल 44 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई प्रकरणों का निराकरण मौके पर ही कर दिया गया। वहीं गंभीर और जांच योग्य मामलों को समय-सीमा (टीएल) पंजी में दर्ज कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
प्रमुख रूप से प्राप्त आवेदनों में निराश्रित एवं वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, बैटरी चालित ट्रायसाइकिल, प्रधानमंत्री आवास योजना, कटा हुआ रकबा जोड़ने, खाद गड्ढा हटाने और आम रास्ता खुलवाने जैसे जनहित के मुद्दे शामिल रहे।
कलेक्टर ममगाईं ने सभी आवेदकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा और प्रशासन आमजन की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।