पाली विकासखंड में पंचायत प्रतिनिधियों को स्वास्थ्य संवर्धन का प्रशिक्षण ग्राम स्तर पर स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण को मजबूत करने एक दिवसीय प्रशिक्षण, पंचायतों की भूमिका पर दिया गया विशेष जोर

TEKRAM KOSLE

March 16, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

कोरबा (सुघर गांव)। जिले के पाली विकासखंड में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली और जनपद पंचायत पाली के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, उपसरपंच, पंच तथा जन आरोग्य समिति के सदस्यों के लिए एक दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना, जनजागरूकता बढ़ाना और पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका को मजबूत बनाना रहा। कार्यक्रम में पंचायतों की स्वास्थ्य सुधार में भागीदारी, स्वच्छता अभियान, स्वच्छ पेयजल तथा पोषण कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। इसमें गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन, प्रसव पूर्व जांच, संस्थागत प्रसव तथा बच्चों के नियमित टीकाकरण की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके अलावा कुपोषण, एनीमिया और स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा करते हुए ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (VHND) के महत्व को बताया गया। जन आरोग्य समिति के सदस्यों को स्वास्थ्य योजनाओं की निगरानी करने तथा ग्रामीणों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने की जिम्मेदारी के बारे में भी जानकारी दी गई।
यह प्रशिक्षण चैतमा, पोड़ी, रजकम्मा और तिवरता सहित विभिन्न पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जा रहा है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment