
रिपोर्टर टेकराम कोसले
सक्ती। जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए उपभोक्ताओं को घबराने या अनावश्यक रूप से बार-बार गैस बुकिंग करने की आवश्यकता नहीं है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने एलपीजी की बुकिंग, वितरण और भंडारण को लेकर आवश्यक निर्देश जारी करते हुए नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों या दुष्प्रचार से प्रभावित न हों और निर्धारित प्रक्रिया व समय अंतराल के अनुसार ही गैस सिलेंडर की बुकिंग कराएं।
कलेक्टर ने बताया कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा दो रिफिल बुकिंग के बीच न्यूनतम समय अंतराल तय किया गया है। इसके तहत नगरीय क्षेत्रों में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के बाद ही उपभोक्ता रिफिल गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग के बाद उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त डीएसी या ओटीपी के आधार पर संबंधित गैस एजेंसी से सिलेंडर प्राप्त किया जा सकता है या होम डिलीवरी के माध्यम से घर तक उपलब्ध कराया जाता है।
उन्होंने बताया कि यदि सामान्य प्रक्रिया से बुकिंग में समस्या आती है तो उपभोक्ता संबंधित ऑयल कंपनियों के मोबाइल ऐप या वेबसाइट के माध्यम से भी गैस सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके लिए एचपीसीएल, आईओसीएल और बीपीसीएल के आधिकारिक मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सुविधा का लाभ लिया जा सकता है।
कलेक्टर श्री तोपनो ने व्यवसायिक गैस उपभोक्ताओं के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। वर्तमान परिस्थितियों में ऑयल कंपनियों और शासन के निर्णयानुसार व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसी अत्यावश्यक सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी। साथ ही व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में विस्फोटक लाइसेंस के अभाव में अधिकतम 100 किलोग्राम तक ही एलपीजी भंडारण का प्रावधान है।
होटल, रेस्टोरेंट, अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा विवाह समारोह आयोजकों से गैस की खपत कम करने के लिए भोजन के मेन्यू को सीमित रखने तथा तंदूर के साथ-साथ डीजल स्टोव, इलेक्ट्रिक इंडक्शन, लकड़ी या गोबर के कंडों जैसे वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों का उपयोग करने की अपील की गई है।
जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा विकासखंडवार राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार निरीक्षण और छापेमारी कर रही हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता और कालाबाजारी पर नियंत्रण रखा जा सके।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें, निर्धारित नियमों का पालन करते हुए गैस की बुकिंग करें और गैस का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। प्रशासन द्वारा उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां गैस से संबंधित शिकायत या समस्या की जानकारी दी जा सकती है।