दाऊ कल्याण कला एवं वाणिज्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वार्षिक स्नेह सम्मेलन व प्रतिभा सम्मान समारोह सम्पन्न

TEKRAM KOSLE

March 14, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

बलौदाबाजार। शासकीय दाऊ कल्याण कला एवं वाणिज्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बलौदाबाजार में शनिवार 14 मार्च 2026 को वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ ही शैक्षणिक और सांस्कृतिक उपलब्धियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री (राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा) टंकराम वर्मा उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार के अध्यक्ष अशोक जैन, प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, पूर्व विधायक बिलाईगढ़ सनम जांगड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष बलौदाबाजार-भाटापारा आनंद यादव, नगर पालिका परिषद उपाध्यक्ष जितेन्द्र महाले, वरिष्ठ भाजपा नेता विजय केशरवानी तथा शहर मंडल अध्यक्ष राकेश ध्रुव शामिल रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छाया चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए.के. उपाध्याय ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान प्रमोद मिश्रा ने भी सभा को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व और अनुशासन के प्रति जागरूक किया।
पूर्व विधायक सनम जांगड़े ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, लगन और आत्मविश्वास आवश्यक है। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
मुख्य अतिथि मंत्री टंकराम वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि दर्द और कठिनाइयाँ ही मनुष्य को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए कड़ी मेहनत करने की सलाह दी। इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गीत “दया माया ले जगा मोर गांव के” का उल्लेख करते हुए महाविद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं और कॉलेज के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान एचडी, नेट एवं सेट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्रों को प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी सभी का मन मोह लिया। एनसीसी के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत पर समूह नृत्य प्रस्तुत किया। इसके अलावा युगल नृत्य और छत्तीसगढ़ी गीतों की शानदार प्रस्तुतियों को भी दर्शकों ने खूब सराहा। विशेष रूप से जंवारा गीत पर छात्रा अंजली ध्रुव की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्राचार्य ने महाविद्यालय परिवार को बधाई देते हुए सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
उक्त जानकारी चंदर सिंह पैकरा द्वारा प्रदान की गई।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment